अमीर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अमीर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

13 नवंबर 2012

इनकी दीवाली,उनकी दीवाली !

 
 
दिया जले बाज़ार में,हरिया घर अंधियार ।
महलों की फुलझड़ी से ,वो पाए उजियार  ।१। 

दीवाली रोशन करे,उम्मीदों के दीप। 
सुखिया मोती ढूँढता,खाली मिलता सीप ।२।

सजनी बाती बाल के,जले नेह के संग ।
जाने कब वो आएँगे,सुलग रहे सब अंग ।३।   

पाहुन हैं परदेस में,सौतन लक्ष्मी साथ । 
घर की लक्ष्मी थापती,दरवाजे पर हाथ  ।४।

दीये की लौ दे रही,अलग-अलग सन्देश । 
सुखिया दुःख में ही रहे,हो अमीर का देश ।५।

दीवाली है किशन की,खड़ा सुदामा दूर ।
चकाचौंध में देखता, महल,झोपड़ी, घूर ।६ ।