24 जनवरी 2014

कुछ मुकरियाँ !

अमीर खुसरो की मुकरियाँ प्रसिद्ध हैं.इनमें पहले तीन चरण में( 15-16)(15-16) मात्राएँ होती हैं,अंत में दो चरणों में 8-8.
साथ ही इसकी विशेषता है कि पढने-सुनने वाले को कुछ और अंदाज़ा मिलता है पर अंत में उत्तर उसके उलट होता है.
शुरूआती प्रयास बतौर कुछ मुकरियाँ यहाँ प्रस्तुत हैं.




1)
मंदिर वहीँ बना डालेंगे,
लाल किला चढ़ इतराएंगे,
 वादे कर कर ,फिर-फिर मुकरी !
के हो शेर ? ना हो,बकरी !


2)
छप्पन इंच दिखाए सीना,
उनने पाया एक नगीना,
पल में कर दे चिड़िया ढेर,
ऐ सखि हाथी ?ना सखि शेर !

3)सूरज बाबा आ भी जाओ,
सर्द हवा में ना ठिठुराओ,
गुलूबंद औ मफलर डाल,
के सखि मौसम  ? ना,केजरिवाल।

4)
उसके जैसा मेरा हाल,
रैन मिले हो जाऊं निहाल,
सुध-बुध खोती,दिन में मोरी,
ऐ सखि मोर ? नहीं,चकोरी !

23 दिसंबर 2013

सर्दी के रंग

१)
सर्द सुबह
मफलर बाँधे हुए,
शहर की सुनसान सड़क पर
कोहरे के साथ
आँखमिचोली करना
कभी कभी अच्छा लगता है।


२)
सर्दी की शाम
छप्पर के नीचे
अलाव तापते हुए
आलू भूनता हूँ,
कभी कभी बुढ़ापे में
अपने मन की सुनता हूँ।


३)
पीठ पर भारी बस्ता लादे
सुबह-सुबह निकलते हैं बच्चे,
कोहरे को चीरते हुए
नन्हें नन्हें पाँव बढ़ाते हैं,
हाथ की लकीरें मिटाते हैं !


 

24 नवंबर 2013

बहुत कठिन समय है साहब !

बहुत कठिन समय है साहब,

पता नहीं कब,कौन पत्रकार तरुण
और ईमानदार केजरीवाल हो जाए,

सब कुछ दांव पर है,
पता नहीं कब कोई संत आसाराम
और राजनीति साहब हो जाए !

बहुत कठिन समय है साहब,
पता नहीं
कब कोई सामाजिक योद्धा
कार्पोरेट पत्रिका का संपादक
और कोई न्यायाधीश मुजरिम बन जाए !! 

बहुत कठिन समय है साहब ,
पता नहीं कब पहरेदार लुटेरा
और चोर चौकीदार हो जाए !!

21 अक्टूबर 2013

धर्म,धर्मनिरपेक्षता और धर्मान्धता !



हमारा देश जब आज़ाद हुआ था तो इसके आधार में धर्मनिरपेक्ष गणतंत्र की अवधारणा मुख्य रूप से थी ।उस समय देश के नव-निर्माण और सृजन में जो लोग अगुवाई कर रहे थे,उनने कुछ विरोधों के बावजूद ऐसा स्वरुप स्वीकारा था ,जो आगे चलकर हमारे देश की मुख्य पहचान (यूएसपी) सिद्ध हुई ।किसी देश में धर्मनिरपेक्षता के अस्तित्व के लिए वहाँ की बहुसंख्य आबादी के बजाय वहाँ के रहनुमाओं की सांविधानिक और लोकतान्त्रिक निष्ठा जिम्मेदार होती है,इसके उदाहरण पाकिस्तान और इंडोनेशिया से समझे जा सकते  हैं।अपने देश में गाहे-बगाहे,खासकर चुनावों के समय धर्मनिरपेक्षता को लेकर बहस ज़ोर पकड़ लेती है अब यह इतना अपरिहार्य तत्व हो चुका है कि इसके आलोचक भी खुले-आम इसकी ज़रूरत पर बल देते हैं।वे भी अब अपने को वास्तविक धर्मनिरपेक्ष बताने लगे हैं।धर्म,धार्मिकता,धर्मनिरपेक्षता और धर्मान्धता पर अपनी राय कुछ इस तरह से है।

धर्म का सीधा मतलब खास पूजा-पद्धति से लगाया जाता है।उस धर्म का प्रतीक विशेष ईश्वर होता है और हम मानते हैं कि उसको मानने वाला उस खास धर्म का अनुयायी है।दरअसल,धर्म का अर्थ किसी व्यक्ति के व्यक्तिगत जीवन के आचरण को प्रभावित करने में सहायक होता है।इससे उसे वह दिशा मिलती है जो सन्मार्ग पर ले जाती है।धार्मिक व्यक्ति कभी प्राकृतिक या मानवीय नियमों का उल्लंघन नहीं करता।वह धर्म से यह सीखता है कि उसके अतिरिक्त जो भी व्यक्ति हैं,चाहे वे किसी भी जाति,धर्म या क्षेत्र के हों,बिलकुल उसी के जैसे हैं।वह मानवजनित खांचे (जाति-धर्म) के आधार पर भेदभाव नहीं करता।धर्म सभी को जोड़ता है,तोड़ता नहीं।किसी धर्म की दूसरे धर्म से तुलना ही गलत है।यह जीवन-शैली का साधन-मात्र है।जो लोग पूजा-पाठ नहीं करते और मानवीय स्वभाव रखते हैं,वे सबसे बड़े धार्मिक हैं।

जब तक व्यक्ति धर्म को व्यक्तिगत स्तर तक सीमित रखता है,उसमें स्वयं को सुधारने की ललक होती है ,वह विनम्र होता है।जब व्यक्ति धर्म को सामूहिक रूप से देखने का भाव आने लगता है,उसमें धार्मिकता आ जाती है,वह दूसरों के प्रति तुलनात्मक हो उठता है।धार्मिकता का अतिवादी रूप ही धर्मान्धता में परिणित हो जाता है।स्वयं के लिए धार्मिकता नुकसानदेह नहीं है,पर धीरे-धीरे धर्मान्धता इसे अपनी ओर खींचने का प्रयास करती है।धर्मांध व्यक्ति धार्मिक तो होता ही नहीं,वह साधारण व्यक्ति भी नहीं होता।वह मानव और प्रकृति दोनों का शत्रु होता है।वह अपने निजी विचार और मत को धर्म के नाम पर दूसरों पर थोपने का प्रयास करता है।धर्मान्धता दरअसल,स्वयं की सबसे बड़ी शत्रु होती है।

धर्मनिरपेक्ष होने का मतलब अधार्मिक होना नहीं होता।जो धार्मिक होगा,वस्तुतः वही धर्मनिरपेक्ष होता है।इसमें व्यक्ति स्वयं के आचरण को सुधारने के लिए धार्मिक होता है पर दूसरों की जीवनशैली में बाधक नहीं बनता,न ही उनके जीवन में किसी प्रकार का दखल देने का यत्न करता है। धार्मिक होते ही हम हिन्दू,मुस्लिम या ईसाई बनने लगते हैं जबकि धर्मनिरपेक्ष होने पर हम कहीं अधिक मानवीय होते हैं,मानव-धर्मी होते हैं।सच्चा धार्मिक कभी दूसरे धर्म या धर्मी को कमतर नहीं समझता।इसलिए व्यक्तिगत जीवन में धर्म बहुत महत्वपूर्ण है।हम सबका धर्म अंततः मानवता-प्रेमी ही होना चाहिए क्योंकि जब मानवता ही नहीं रहेगी,कोई धर्म नहीं बचेगा।